पुलिस टीम पहुंची शिशु गृह और बालिका निकेतन

देहरादून। शिशु गृह में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आने के बाद दर्ज एफआरआइ पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को पुलिस ने शिशु गृह और बालिका निकेतन पहुंचकर स्टाफ के साथ बच्चों के बयान दर्ज किए। जुलाई में तत्कालीन अपर सचिव की ओर से की गई शिशु गृह और बालिका निकेतन की जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात को फार्मासिस्ट समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शिशु गृह में बच्चों के साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार का खुलासा हुआ था। साथ ही, मानव तस्करी का मामला भी सामने आया था। इस मामले पर शासन ने एसआइटी जांच की भी संस्तुति की थी। वहीं मुकदमा दर्ज होने के बाद रविवार को भी पुलिस टीम शिशु गृह और बालिका निकेतन पहुंची। इस दौरान टीम ने दोनों गृहों में तैनात स्टाफ के बयान दर्ज करने के साथ ही बच्चों से भी बात की। पुलिस ने दो-तीन साल से यहां रह रहे बच्चों से काफी देर तक बातचीत की। इसके बाद पुलिस ने शिशु निकेतन की अधीक्षिका सुनीता सिंह और बालिका निकेतन की अधीक्षिका मीना सिंह के भी घटना को लेकर बयान दर्ज किए। जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया कि विभाग की ओर से शिशु गृह व बालिका निकेतन के स्टाफ को पुलिस की जांच में हरसंभव मदद करने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *