राहुल गांधी और वीरभद्र सिंह के डर से विदेश जाना भूले मोदी: रंजीता

कमलेश वर्मा (परी),कुल्लू । हिमाचल प्रदेश  चुनाव के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वीरभद्र सिंह इस तरह से हावी हो चुके हैं कि उन्हें हिमाचल के अलावा कुछ नजर नही आ रहा है। अपने प्रदेश में तो विकास करवा नहीं पाए मोदी अब हिमाचल की जनता से एक बार फिर झूठे वादे करके यहाँ की जनता को उपहार देने की बात कर रहे हैं। लेकिन हिमाचल की जनता सब जानती है की किस सरकार ने विकास करवाया है और किसने जनता से अच्छे दिन लाने के नाम पर फरेब किया है।यह बात मंगलवार को कुल्लू में कांग्रेस की चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी एवं सांसद रंजीता रंजन ने कही। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को हिमाचल से हार का भय सता रहा है इसलिए वे बार बार यहां प्रचार के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों में नरेंद्र मोदी विदेशों के चक्कर लगाने में मस्त थे और देश की जनता त्रस्त थी लेकिन उनको देश की चिंता से ज्यादा विदेशों में घूमना पसन्द था लेकिन अब हिमाचल में वीरभद्र सिंह के डर के चलते मोदी अब विदेश जाना भी भूल चुके हैं। रंजीता रंजन ने कहा कि भाजपा के कितने ही स्टार प्रचारक हिमाचल आकर जनसभाएं कर रहे हैं लेकिन हिमाचल में प्रचार के लिए आ रहे भाजपा के नेताओ के लिए कांग्रेस से वीरभद्र सिंह ब्रह्मास्त्र हैं और भाजपा के पास इसका कोई तोड़ नही है। रंजन ने कहा कि अब तो भाजपा नेताओं की प्रदेश में यह सिथति हो गई है कि उन्हें यह पता नही चल रहा है कि मंच पर कब क्या बोलना है। हिमाचल के चुनाव में प्रचार पर आए भाजपा नेता अरुण जेटली ने भी जम्मू कश्मीर पर भाषण देना शुरू कर दिया इसी बीच किसी ने उन्हें याद दिलाया कि जम्मू कश्मीर में भाजपा की सरकार है तब जाकर उन्होंने अपना भाषण बदला। रंजीता रंजन ने कहा कि भाजपा मुंगेरी लाल के सपने देख रही है और उनके विजन डॉक्यूमेंट में यह बात साफ झलक रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओ के हित की बात करती है लेकिन जिन राज्यो में इनकी सरकार है वहाँ आज महिलाओ की सिथति सबसे ज्यादा खराब है।  उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह अर्की से चुनाव लड़ रहे हैं और भाजपा ने इस विस क्षेत्र में सात-सात मुख्यमंत्री चुनावी प्रचार में भेजे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का गढ़ है और यह देवभूमि है लेकिन मोदी सहित कुछ लोग यहां आकर कभी इसे दानव भूमि तो कभी नशे की धरती कहते हैं। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर को यहां की जनता यहां की धरती को दानव धरती व नशे की धरती कहने वालों को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अकाली-भाजपा ने पंजाब को नशे की भूमि बनाया उसी तरह हिमाचल को भी बनाना चाहती है लेकिन पंजाब की जनता ने जिस तरह नशे की सरकार को उखाड़ फैंका ठीक उसी तरह से हिमाचल में भाजपा को सता में नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि जो मोदी सुरक्षा की बात करते थे आज तीन वर्षों में इतने फौजी शहीद हुए हैं उतने आज तक इतिहास में कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सलाम है कि आज मोदी विदेश जाना भूल गए हैं। जब हम लोकसभा में मोदी को ढूंढते रहते थे तो पता चलता था कि वह 25 दिनों से विदेश यात्रा में है लेकिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उनकी विदेश यात्रा भुला दी है और आज वे हमारे देश में है।  उन्होंने कहा कि जो मोदी भ्रष्टाचार खत्म करने व महिला सुरक्षा की बात कहते थे आज उनके मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्य बलात्कारी प्रदेश  बनाकर रखे हैं और उनके अध्यक्ष के बेटे की इनकम 50 लाख से 80 करोड़ कैसे हो गई हैं यह देश की जनता मोदी से पूछ रही है। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को हिमाचल प्रचार के लिए भेजा है वे यहां क्या लेकर आए हैं। जो योगी यूपी में मुख्यमंत्री होते हुए अपने प्रदेश में युवाओं को नौकरी नहीं दे सके, महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे सके वे हिमाचल में क्या देने आए हैं। उन्होंने कहा कि हां मोदी साहब हिमाचल में आकर महिलाओं को महंगे सिलेंडर का और नोटबन्दी का उपहार दिया है , जिन महिलाओं ने बचा-बचा कर दुख के समय पैसे जमा कर रखे थे वे एक मिनट में निकाल दिए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हां मोदी साहब की महिलाओं पर मेहरबानी है क्योंकि अपनी तो घर में बंद रखी है और देश की महिलाओं के हितैषी बनते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी क्या जाने महिलाओं का दर्द। उन्होंने कहा कि मोदी ने सरकार बनाने से पहले दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था लेकिन साढ़े तीन वर्षों में मात्र चार लाख नौकरी दी है और अब हिमाचल में भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में युवाओं को नौकरी देने का वादा किया है। जो केंंद्र में बैठकर नौकरी नहीं दे सके वे प्रदेश में क्या देंगे। उन्होंने कुल्लू में भाजपा के प्रत्याशी महेश्वर सिंह पर भी तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति वीरभद्र सिंह का नहीं हो सका, अपना नहीं हो सका और भाजपा का नहीं हो सका वह आम जनता का क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने कुल्लू दौरे के दौरान देवभूमि को ड्रग भूमि कह कर अपमानित किया है और अपने इस अपमान का बदला यहाँ की जनता आने वाले 09 नवबंर को लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *