रस्सी से लटककर बीएससी एग्रीकल्चर की छात्रा ने की खुदखुशी

देहरादून। बीएससी एग्रीकल्चर की छात्रा ने प्रेमनगर के सुद्धोवाला में की खुदकुशी । यह छात्रा मूलरूप से मिजोरम की रहने वाली थी। पुलिस की माने तो छात्रा किसी बात को लेकर काफी दिन से डिप्रेशन में चल रही थी ।
जानकारी के अनुसार एचलाल नून किमि (24) पुत्री एचजुदीन लियाना निवासी मकान नंबर-71 हरमन विलेज ओजोल चंपाई मिजोरम प्रेमनगर के सुद्धोवाला में किराए पर कमरा लेकर रहती थी। गत रात आठ बजे तक पड़ोस में रहने वाला उसका चचेरा भाई उसके साथ मौजूद था, लेकिन इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया।
ना उठने पर उसका चचेरा भाई उसे जगाने पहुंचा, लेकिन काफी बुलाने पर कमरे से आवाज नहीं आई। इसके बाद उसका भाई कॉलेज चला गया। कुछ देर बाद बाद वह लौटा तो भी किमि का कमरा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने और मोबाइल पर फोन रिसीव न होने पर उसने अन्य दोस्तों को बुला लिया।
दरवाजा तोड़ कर देखा तो किमि पंखे से बंधी नायलॉन की रस्सी से लटक रही थी। दोस्तों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट हाथ न लगा। थानाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने मृतक के परिजनों से बातचीत की ।
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
बीते सोमवार को भी रायपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली थी। यह छात्रा मूलरूप से पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली थी।