आरटीओ विभाग रात में उतरेगा सडक़ों पर

देहरादून। राजधानी में लम्बे समय से रात्रि के समय अकसर दुर्घटनाओं में वाहन चालकों की मौत होती आ रही है और जिस तेजी के साथ यह आंकडा बढता जा रहा है उसको देखते हुए सरकार पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिरकार वह नशेडी व बेकाबू गति से वाहन चलाने वाले चालकों पर नकेल लगाने के लिए आगे क्यों नहीं आ रही है। शहर में देर रात शराब पीकर गाडियां चलाने वालों पर नकेल लगाने के लिए अब परिवहन विभाग आगे आया है और रात्रि दस बजे से एक बजे तक सडकों पर शराब पीकर गाडियां चलाने वालों व तेज गति से गाडियां दौडाने वालों पर शिकंजा कसने का प्लान तैयार किया गया है। राजधानी में देर रात हो रहे हादसों को रोकने के लिए अब पुलिस के साथ परिवहन विभाग भी अपनी चौकिंग टीमें उतारेगा। खासकर रात 9 बजे से रात 1 बजे के बीच हादसों का ग्राफ ज्यादा देख, युवाओं पर परिवहन विभाग की नकेल रहेगी। आरटीओ सुधांशु गर्ग ने बताया कि नशेड़ी व बेकाबू गति से वाहन चलाने वाले युवाओं के अभिभावक को भी मौके पर बुलाया जाएगा। साथ ही बताया कि हादसों की जांच में मालूम चला है कि ज्यादातर हादसे रात 10 बजे से रात 1 बजे के बीच हो रहे हैं। इनमें युवाओं के शिकार होने का आंकड़ा सर्वाधिक है। इन पर लगाम लगाने के लिए विभाग, चेकिंग अभियान में पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चलाएगा। शराबी चालक को जेल भेजा जाएगा, वाहन सीज किया जाएगा और उनका डीएल निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। और वाहन के व्यवसायीकरण होने पर उसके परमिट के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *