SBI और अपोलो हेल्थकेयर ने लॉन्च किया को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड, मिलेंगी ये सुविधाएं

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अपोलो हेल्थकेयर ने बुधवार को को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड लॉन्च करने के लिए साझेदारी की घोषणा की। अपोलो का दावा है कि यह हेल्थकेयर सेगमेंट में अपने तरह का पहला को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड है, जिसका लाभ ग्राहकों को हेल्थ चेक अप और डॉक्टर से कंसल्टेंसी में मिलेगा।
डॉक्टर से परामर्श लेने में ग्राहक छूट का लाभ ले सकते हैं। इतना ही नहीं एसबीआई के को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड से उपभोक्ता वन अपोलो मेम्बरशिप ले सकेंगे, जिससे उन्हें कई तरह की हेल्थकेयर सुविधा मिल पाएगी।
एसबीआई के चेयरमैन रजनीश कुमार का कहना है कि इससे उन ग्राहकों को फायदा होगा जो हेल्थकेयर सुविधाओं के लिए क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करते हैं। बता दें कि एसबीआई कार्ड में भारतीय स्टेट बैंक की 74 फीसद हिस्सेदारी है। एसबीआई इसमें सबसे बड़ा प्रमोटर है।
गौरतलब है कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अपोलो हेल्थकेयर को-ब्रांडेड कार्ड में जो ग्राहक फार्मेसी उत्पादों की सुविधा लेंगे, उन्हें 10 फीसद छूट मिलेगी। इसके अलावा जो ग्राहक कार्ड से पैसे खर्च करेंगे उन्हें बाद में रिवार्ड पॉइंट मिलेगा।
इस रिवॉर्ड पॉइंट का इस्तेमाल ग्राहक अपोलो से लेने वाली सेवा के बदले खर्च कर सकेंगे। इससे इतर एसबीआई कार्ड से हेल्थ इंश्योरेंस के लिए जो खरीदारी की जाएगी उस पर ईएमआई का लाभ भी मिलेगा। कार्डधारक वन अपोलो सदस्यता के माध्यम से 40,000 रुपये तक की बचत का लाभ उठा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि साल 2018 की शुरुआत में भारतीय स्टेट बैंक ने कहा था कि बैंक चाहता है कि कई कंपनियों के साथ मिलकर को-ब्रांडेड कार्ड लॉन्च की जाए। इस पर देश के सबसे बड़े ऋणदाता एसबीआई कार्ड के एमडी एवं सीईओ हरदयाल प्रसाद ने कहा कि पिछले कुछ सालों से स्वास्थ्य सेवाओं पर सालाना खर्च 30 फीसद की दर से बढ़ रहा है। देश में इस समय सबसे ज्यादा युवा हैं। ऐसे में उम्र बढ़ने के साथ लोगों के स्वास्थ्य सुविधाओं पर खर्च और बढ़ जाएगा।