कर्जदार के कर्जदार बने सिद्धू , करतारपुर गलियारे के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पाक

लाहौर: बुधवार को होने वाले करतारपुर कॉरीडोर शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पाकिस्तान गए कांग्रेस नेता और पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने लाहौर में कहा कि वो पाकिस्तान सरकार के कर्जदार हैं कि उन्होंने करतारपुर कॉरीडोर खोलने का फैसला किया. इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने ये भी कहा कि वो भारत सरकार के भी कर्जदार हैं.

दरअसल पाकिस्तान के विदेश मंत्री महमूद कुरैशी ने खास तौर पर नवजोत सिंह सिद्धू को करतारपुर गलियारा के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्यौता भेजा था. इससे पहले इमरान खान ने अपने शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भी नवजोत सिंह सिद्धू को आमंत्रित किया था और उनके बुलावे पर नवजोत सिंह सिद्धू पाकिस्तान गए भी थे जहां पाक आर्मी चीफ जनरल बाजवा से गले मिलने पर भारत में काफी बवाल भी हुआ था. कहा जा रहा था कि शायद सिद्धू पिछले बार के विवाद के बाद पाकिस्तान नहीं जाएंगे लेकिन उन्होंने पाकिस्तान जाने का फैसला किया.

पाक विदेश मंत्री ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी करतारपुर गलियारे के शिलान्यास कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया था भारत सरकार ने अपने प्रतिनिधि के तौर पर केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और हरदीप सिंह पुरी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान भेजा है.

पाकिस्तान ने इस कार्यक्रम के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी न्योता भेजा था लेकिन अमरिंदर सिंह ने ये कहते हुए पाकिस्तान से आए न्योते को अस्वीकार कर दिया कि जबतक उस पार से हमारे सैनिकों और निर्दोष लोगों को मारा जाता रहेगा तबतक उनका पाकिस्तान जाना संभव नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *