राज्य कर्मचारियों ने किया सचिवालय कूच

देहरादून। 23 सूत्री मांगों को लेकर राज्य कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गर्जना रैली निकालकर सचिवालय कूच किया। पुलिस ने सभी को सुभाष रोड पर बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया, इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और बाद में सभी वहीं बैरीकैडिंग से पहले धरने पर बैठ गये।
यहां राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के कर्मचारी परेड ग्राउंड में इकटठा हुए और वहां पर सभा करने के बाद प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गर्जना रैली निकालकर सचिवालय कूच किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जैसे ही वह सुभाष रोड पर पहुंचे तो पुलिस ने बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया। इस बीच कुछ कर्मचारियों ने आगे बढने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें कामयाब नहीं होने दिया। इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और बाद में सभी वहीं धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एसीपी वेतन वृद्घि बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलित है लेकिन सरकार से वार्ता के बावजूद भी आज तक किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं हो पाई है और पिछले काफी समय से आंदोलन किया जा रहा है लेकिन सरकार उनके हितों के लिए गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि शासन से कई दौर की बैठक विफल हो चुकी है। उनका कहना है कि आज तक उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है जिसे अब सहन नहीं किया जायेगा। उनका कहना है कि 23 सूत्रीय मांगों पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही न होने पर कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के जरिये मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करते हुए उचित कार्यवाही किये जाने की मांग की गई। इस अवसर पर प्रदेश भर से आये हुए विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *