शिक्षकों की तैनाती को छात्रों ने दिया धरना
अल्मोड़ा। लंबे समय से स्कूल में शिक्षकों की तैनाती नहीं होने पर शनिवार को सल्ट ब्लाक के खुमाड़ के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज छात्रों ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज खुमाड़ में धरना दिया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही, जल्द शिक्षकों की तैनाती नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
सल्ट के राजकीय इंटर कॉलेज खुमाड़ में लंबे समय से शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। वर्तमान में 10 प्रवक्ताओं सहित 17 शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस को लेकर करीब 15 दिन पहले विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सल्ट तहसील पहुंचकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को ज्ञापन भेजा था। 15 दिन के अंदर शिक्षकों की तैनानी नहीं होने पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई थी।
शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने सुबह से ही विद्यालय के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। बच्चों के साथ प्रधान खुमाड़ श्याम सिंह भंडारी भी धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा शासन-प्रशासन की लापरवाही के कारण बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा जल्द शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो सभी अभिभावक भी धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। छात्र-छात्राओं ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय नाम का इंटर कॉलेज रह गया है। उन्हें घर में ही पढ़ाई करके परीक्षा देनी पड़ रही है। मौके पर छात्र देवाशीष, सरस्वती, अर्चना, कविता, मीनाक्षी, वर्षा, सचिन, नवीन, नितीश, लक्ष्मी, प्रेम, सूरज, अंशुल, सचिन बिष्ट सहित कई छात्र मौजूद रहे।