सरकारी डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी स्मार्ट क्लासेज से रूबरू होंगे

देहरादून। सरकारी डिग्री कालेजों के दिन फिरने वाले हैं यहां अब अति आधुनिक सुविधाओं वाले क्लास रूम बनेंगे और इसके साथ ही स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाया जाएगा। जी हां यदि सब कुछ सही रहा तो आने वाले दिनों में निजी उच्च शिक्षण संस्थाओं की चमक-दमक के आगे बेबस नजर आने वालेे उत्तराखंड के सरकारी डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी स्मार्ट क्लासेज से रूबरू होंगे। भविष्य में इन सभी कालेजों की कक्षाओं को इंटरनेट, एलसीडी, ओवरहेड प्रोजेक्टर, वेब कैमरा, स्मार्ट बोर्ड से लैस किया जाएगा। यही नहीं इन क्लासेज को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा से जोड़ने की भी योजना है।
पिछले दिनों अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा डॉ रणबीर सिंह ने इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक डॉ बीएस मलकानी से विस्तृत प्रस्ताव मांगा है। पहले चरण में राज्य के दूरदराज के 20 डिग्री कॉलेजों इससे नवाजा जाएगा। सरकारी डिग्री कॉलेजों खासकर दूरदराज के कॉलेज यूं तो संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं। इन कॉलेजों में स्मार्ट क्लासेज का ख्वाब दूर की कौड़ी है, लेकिन अब राज्य सरकार इन कॉलेजों को स्मार्ट बनाने की तैयारी कर रही है। उच्च शिक्षा महकमा इस योजना को अमली जामा पहनाने में जुट गया है। योजना का मकसद सरकारी कॉलेजों को पठन-पाठन की आधुनिक तकनीक से जोडना है। सूत्रों के अनुसार योजना के पहले चरण में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) में चयनित में से 20 सरकारी डिग्री कॉलेजों में इसे शुरू करने के निर्देश दिए। उक्त कॉलेजों में 20 फीसद क्लासेज को स्मार्ट क्लासेज के तौर पर संचालित किया जाएगा। विज्ञान, वाणिज्य व कला वर्ग के लिए स्मार्ट क्लासेज तैयार होंगी। बड़े कॉलेजों में दो से अधिक स्मार्ट क्लासेज तो अन्य कॉलेजों में दो स्मार्ट क्लासेज संचालित की जाएंगी। आने वाले वर्षों में इस योजना में अधिक कॉलेजों का चयन किया जाएगा। दस कॉलेजों में ई-लाइब्रेरी भी शुरू की जाएगी। ई-लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं को इंटरनेट सुविधा के साथ ही ऑनलाइन ओपन रिसोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *