त्रिस्तरीय पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू

हल्द्वानी। नगर निगम चुनाव के साथ ही हल्द्वानी विकासखंड का आकार घटकर छोटा हो गया है। 84 ग्राम पंचायतों वाले ब्लॉक में अब केवल 60 ग्राम पंचायतें शेष रह गई हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार निगम में शामिल किए गए गावों में 109253 आबादी निवास करती है। नए परिसीमन में नगर निगम के वार्ड बन चुके इन गांवों का क्षेत्रफल तकरीबन 2842.918 हेक्टेयर है।

निकाय चुनाव के साथ ही त्रिस्तरीय पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले नए परिसीमन पर आपत्तियों की सुनवाई के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनेगी। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी बतौर सदस्य और जिला पंचायतराज अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। क्षेत्र पंचायत के लिए पर्वतीय क्षेत्र में 25 हजार की आबादी वाले विकासखंडों में 20 निर्वाचन क्षेत्र व इससे अधिक जनसंख्या वाले ब्लॉकों में 40 से अधिक निर्वाचन क्षेत्र नहीं होंगे। मैदानी क्षेत्रों में 50 हजार की आबादी पर 20 निर्वाचन क्षेत्र होंगे, जबकि इससे अधिक आबादी वाले ब्लॉक में 40 से ज्यादा चुनाव क्षेत्र नहीं होंगे। पंचायतों के पुनर्गठन में हल्द्वानी ब्लाक में आबादी के हिसाब से नए निर्वाचन क्षेत्र तय होंगे। इसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि ब्लाक में क्षेत्र पंचायत के ग्राम प्रधान के कितने पदों पर चुनाव होगा।

एचएस मेहरा, प्रभारी बीडीओ, हल्द्वानी ब्लॉक ने बताया कि ग्राम पंचायतें कम होने से अब ब्लाक का आकार छोटा हो गया है। पंचायतों के नए पुनर्गठन के आधार पर ही अब ब्लाक का आकार तय होगा।

नगर निगम चुनाव के बाद अब हल्द्वानी ब्लाक का हिस्सा रहे 36 गांव अब वार्डों में तब्दील हो गए। इनमें हीरागढ़ दलीप सिंह, ब्यूराखाम, ब्यूराखाम बंदोबस्ती, मल्ली बमौरी, तल्ली बमौरी, बमौरी खाम, बिठौरिया नंबर एक, दो, लोहरियासाल मल्ला, लोहरियासाल तल्ला, चीनपुर, हरीनगर, कुसुमखेड़ा, मुखानी, जयदेवपुर, हरिपुर नायक, जीतपुर नेगी, मानपुर पश्चिम, मानपुर पूरब, हरिपुर सूखा, तल्ली हल्द्वानी, गौजाजाली उत्तर, गौजाजाली बिचली, भगवानपुर जयसिंह, हिम्मतपुर मल्ला, भगवानपुर बिचला, हिम्मतपुर तल्ला, कमलुवागांजा नरसिंह तल्ला, नरसिंह मल्ला, गौजाजाली दक्षिण, छड़ायल सुयाल, छड़ायल नायक, छड़ायल नयाबाद प्रमुख हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *