तिरुवनंतपुरम में तीसरा टी-20 मैच हो सकता है रद्द!

भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज के तीसरे और आखिरी टी20 मैच के लिए दोनों टीमें रविवार देर रात तिरुवनंतपुरम पहुंच गईं। मैच की तैयारी भी पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि बारिश परेशानी का सबब बन सकती है।
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि यहां रविवार से बुधवार तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। केरल क्रिकेट संघ (केसीए) के सचिव जयेश जॉर्ज ने बताया कि इस स्टेडियम की ड्रेनेज सुविधा शानदार है। यह मैच केरल में पहला टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच होगा जो ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैदान 2015 में आयोजित किए गए राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन और समापन समारोह का मेजबान रहा है। मैदान में सुपर सोपर्स और अन्य सुविधाएं सभी दुरुस्त हैं। अगर मैच के दौरान बारिश होती है तो बारिश के रूकने के 10 मिनट बाद मैदान मैच के लिए पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।
मैदान की दर्शकों की क्षमता तकरीबन 50,000 है। पुलिस विभाग के आईजी मनोज अब्राहम ने कहा कि सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह से पुख्ता हैं। अब्राहम ने कहा, “मैदान के अंदर सिर्फ मोबाइल फोन ले जाने की मंजूरी है।” मैच को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात किए गए हैं।