आज से पटरी पर दौड़ेगी ‘स्वर्ण ट्रेन

रेल मंत्रालय आज पहली स्वर्ण ट्रेन (गोल्ड स्टैंडर्ड) को हरी झंडी दिखाएगा। रेल मंत्रालय के प्रीमियम ट्रेनों को रेनोवेट करने के लिए शुरू किया गया स्वर्ण प्रोजेक्ट के तहत यह पहली ट्रेन होगी। ट्रेन नई दिल्ली से काठगोदाम के बीच चलाई जाएगी। रेलवे की यह स्वर्ण ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस कैटेगरी की है।
परियोजना के तहत 15 राजधानी और 15 शताब्दी यानी कुल 30 ट्रेनों का कायाकल्प किया जाएगा, जिस पर 25 करोड़ रुपये का लागत आने की उम्मीद है।
परियोजना सुरेश प्रभु के रेल मंत्री रहते हुए शुरू की गई थी। काठगोदाम शताब्दी के पूर्ण कायाकल्प के क्रम में रेलवे का जोर मुख्य रूप से तीन क्षेत्रों पर होगा, जो सौंदर्य, स्वच्छता और मनोरंजन हैं।
ट्रेनों में कैटरिंग के लिए ट्रोली सर्विस, नए कोचों की आंतरिक सज्जा, स्वच्छ शौचालय के साथ-साथ ऑटोमेटिक दरवाजे की भी व्यवस्था होगी और इस खास शैली की ट्रेनों के लिए सरकार हर ट्रेन पर 50 लाख रुपये खर्च कर रही है।
स्वर्ण प्रॉजेक्ट के तहत सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों में RPF जवानों की तैनाती होगी। साथ ही CCTV कैमरों के जरिए पूरी ट्रेन पर नजर रखी जाएगी। ट्रेन को अंदर से आकर्षक बनाने, शौचालय व्यवस्था में सुधार और कोचों की सफाई पर भी काफी ध्यान दिया गया है।
यात्री ट्रेन में यात्रा के दौरान वाई-फाई हॉटस्पॉट्स के जरिये एचडी स्ट्रीमिंग का आनंद भी ले पाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘यह रेलवे की पहली ‘गोल्ड स्टैंडर्ड’ ट्रेन होगी। मैं लोगों से विभिन्न सुविधाओं को बनाए रखने में सहयोग की अपील करता हूं।’