ट्रक ने रोकी रात भर 30 वाहनों की आवाजाही

मनाली। लाहुल से मनाली आ रहे 180 वाहनों में 150 तो समय पर मनाली पहुंच गए लेकिन 30 वाहन रात भर रोहतांग के राहनीनाला में फंसे रहे। सभी वाहन एक एक कर जोखिम वाले भाग से निकल रहे थे कि अचानक ट्रक सड़क पर खराब हो गया।
ट्रक के बीच सड़क में फंस जाने पीछे से आ रहे वाहन भी वही फंस गए। हालांकि 30 वाहनों में बड़ी गाडिय़ों की संख्या अधिक थी लेकिन छोटे वाहनों में मनाली आ रहे लोग भी वही फंस गए। रेस्कयू टीम मढ़ी को जैसे ही वाहनों के फंसने की सूचना मिली तो वे दल बल सहित मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने एक एक कर लोगो को रेस्कयू कर मढ़ी पहुंचाया। लोग तो मढ़ी पहुंच गए लेकिन अपने वाहन लेकर आ रहे चालक रात भर राहनीनाला में फंसे रहे। बीआरओ की मशीनरी भी रात को मदद करने पहुंची।
माइनस तापमान के बीच बीआरओ ने ट्रक हटाने व रॉड खोलने का प्रयास जारी रखा। दूसरी ओर एक सप्ताह से मनाली में फंसे लोगों को राहत मिल गई है। मौसम साफ रहने से उनकी हिम्मत बढ़ गई। लाहुल जाने वाली अधिकतर गाडिय़ा गुलाबा पहुंच गई है। साढ़े 11 बजे ये गाडिय़ा रेस्कयू टीम मढ़ी की देखरेख में लाहुल रवाना होगी। लाहुल स्पिति उपायुक्त देवा सिंह नेगी ने बताया कि राहनीनाला में ट्रक के फंस जाने से 30 गाडिय़ा फंस गई थी जिन्हें बीआरओ की मदद से निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज कुल्लू की ओर से वाहन लाहुल का रुख करेंगे। बीआरओ कमांडर कर्नल एके अवस्थी ने बताया कि खराब प्वाइंट पर डोजर तैनात कर दिया है। ट्रैफिक को सुचारू रखने के प्रयास जारी है।उन्होंने बताया कि बीआरओ लाहुल ओर कुल्लू के लोगो को उचित सुविधा मुहैया करवाने को प्रयासरत है।