विद्या बालन नहीं करेंगी मीना कुमारी की बायोपिक में काम

मुंबई। काफी लंबे समय से मीना कुमारी पर बायोपिक बनाने की चर्चा हो रही है। इस फिल्म में विद्या बालन काम करने वाली थीं। मगर अब खबर है कि विद्या बालन इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।इस बात को खुद विद्या बालन ने कंफर्म किया है। विद्या ने एक इंटरव्यू में कहा कि ‘मैं मीना कुमारी की बायोपिक अब नहीं कर रही हूं। यह ममुकिन नहीं हो पाया। मैं मीना कुमारी से बहुत प्यार करती हूं। अगर मुझे किसी लड़की पर क्रश होता, तो वो वहीं होतीं। यदि आज वो जिंदा होती तो मैं उन्हें हमेशा देखने चली जाती। मैं हमेशा उनका किरदार निभाना चाहती थीं।’ विद्या ने आगे कहा कि ‘फिल्म करने के लिए स्क्रिप्ट अच्छी होना चाहिए। वो इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन फिर भी सिर्फ उनकी जिंदगी की सनसनीखेज बातें ही स्क्रिप्ट में नहीं होनी चाहिए। उनकी जिंदगी के हर पहलू को फिल्म में बताना चाहिए, न कि सिर्फ उसे जो लोगों का ध्यान खींचे। इसलिए मैंने इसे नहीं करने का फैसला लिया।’
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले मीना कुमारी के परिवार ने एक बयान जारी कर कहा था कि वो विद्या बालन को इस फिल्म में कास्ट करने से खुश नहीं हैं। शायद यही वजह है कि विद्या ने खुद को इस फिल्म से अलग कर लिया।इस बायोपिक को तिग्मांशु धूलिया बना रहे हैं। पहले उन्होंने मीना कुमारी के रोल के लिए कंगना रनौत को अप्रोच किया था। मगर कंगना ने इसके लिए मना कर दिया। जिसके बाद विद्या बालन को कास्ट करने का फैसला किया गया। अब उनके मना करने के बाद देखना होगा कि ये रोल किसकी झोली में जाता है।