अमेरिका ने पाक से कहा जल्द हो हाफिज़ सईद की गिरफ़्तारी

इस्लामाबाद । 26/11 मुंबई हमले के मुख्य आरोपी आतंकी हाफिज सईद की रिहाई के बाद पाकिस्तान में जश्न का माहौल दिखा और जमकर मिठाइयां बांटी गईं। लेकिन ये जश्न ज्यादा देर तक नहीं चल पाया और शाम ढलते ढलते अमेरिका ने पाकिस्तान से कह दिया है कि आतंकी हाफिज सईद को गिरफ्तार करो।
ट्रंप प्रशासन ने बुधवार को कहा कि मुंबई हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र दोनों द्वारा घोषित आतंकी सरगना है। अमेरिका का यह बयान पाकिस्तानी कोर्ट द्वारा जमात उद दावा प्रमुख को रिहा किए जाने के कुछ घंटों बाद ही आ गया था।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि हम मीडिया खबरों से अवगत है कि पाकिस्तान की अदालत ने लश्कर ए तैयबा सरगना हाफिज सईद की नजरबंदी खत्म करने का आदेश दिया है।
उन्होंने सईद की रिहाई के आदेश पर नाखुशी जाहिर की। मई 2008 में अमेरिका ने उसे वैश्विक आतंकी घोषित किया था। दिसंबर 2008 में संयुक्त राष्ट्र ने भी उसे नवंबर 2008 में मुंबई में हुए हमले के लिए दोषी मानते हुए आतंकवादी घोषित किया था।
विदेश विभाग के अधिकारी ने कहा कि अमेरिका अभी अपने उस रुख पर कायम है कि लश्कर ए तैयबा विदेशी आतंकवादी संगठन है जोकि आतंकी हमलों में मारे गए हजारों निर्दोष लोगों की मौत का जिम्मेदार है। इन मृतकों में अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं। जमात उद दावा को लश्कर का मुखौटा संगठन माना जाता है।
उधर, नजरबंदी से रिहाई के बाद हाफिज ने एक बार फिर से जहर उगला और कहा कि कश्मीर की आजादी के लिए जंग जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *