बंजार घाटी के नरोहली गांव में पानी की किल्लत

पानी ना आया तो करेंगे आंदोलन
-नरोहली गांव में लोगो को झेलनी पड़ रही परेशानी
कमलेश वर्मा (परी)
कुल्लू, 20 नवबंर। ज़िला कुल्लू के उपमंडल बंजार के तहत आने वाली थाटीवीड़ पंचायत के नरोहली गांव के एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति नहीं हुई है। इस कारण उक्त गांव की जनता को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। पीने का पानी न होने से लोगों में काफी आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति को बहाल नहीं किया तो वह आइपीएच विभाग के कार्यालय के बाहर खाली बर्तन लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीण गिरधारी लाल, मनोहर लाल, नरेश पंडित, रमेश देवी, कौशल्या देवी, चांदी देवी, विद्या भूषण शर्मा और मोहन लाल शर्मा ने कहा कि उपमंडल बंजार के थाटीवीड़ पंचायत के नरोहली गांव के कई घरों में इन दिनों पानी न होने पर काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है आइपीएच विभाग को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक विभाग ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। ऐसे में लोग कई किलोमीटर पैदल चलकर पीने के पानी का जुगाड़ कर रहे हैं। उन्होंने विभाग से गांव के लिए पेयजल आपूर्ति को बहाल करने की मांग की है।
बॉक्स
नरोहली गांव में पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त किया जाएगा। आपूर्ति बहाल करने के लिए फील्ड कर्मचारी को आदेश दे दिए गए हैं। शीघ्र समस्या का समाधान किया जाएगा।
-एमएस धामी, सहायक अभियंता, आइपीएच विभाग बंजार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *