महिलाएं आज हर क्षेत्र में निभा रही हैं अपनी भागीदारी….कल्पना ठाकुर
चीन से एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक फेस-2017 का खिताब जीत कुल्लू पहुंची कल्पना
-ग्रीन लेडी ऑफ एशिया का हिमाचल पहुँचने पर जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
-चीन में महिला सशक्तिकरण को किया मजबूत करने का दिया सन्देश
-घर में पड़े बेस्ट मेटेरियल से चीजें बनाने को दिया बढ़ावा
कमलेश वर्मा(परी),कुल्लू,08 दिसंबर। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बखूवी निभा रही हैं और पुरुषों के कंधा मिलाकर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। यह कहना है मिसेज़ एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक फेस-2017 का खिताब अपने नाम करने वाली मनाली की कल्पना ठाकुर का। उनके अनुसार महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। कल्पना ठाकुर चीन के शंघाई में मिसेज़ एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक फेस -2017 का खिताब जीतकर वापस अपने देश अपने घर मनाली पहुंची हैं। यहाँ कुल्लू व मनाली में जगह जगह पर लोगों और कुल्लू व लाहुल की सामाजिक संस्थाओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। वहीं, इससे पूर्व हिमाचल में भी जगह जगह कल्पना की इस उपलब्धि के लिए सम्मान समारोह आयोजित किये गए।
इस दौरान कल्पना ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि चीन में प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण को मजबूती दी और घर मे बेकार पड़ी चीजों से सजावट के समान बनाने के बारे में भी जानकारी दी। कल्पना ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान एक राउंड में उन्हें 40 सेकेंड का समय दिया गया था जिसमे उन्हें प्रेरणादायक जानकारी के बारे में बताना था जब उन्होंने बेकार पड़ी चीजों से सजावट का सामान बनाकर दिखाया तो उनके इस काम से निर्णायक मंडल काफी प्रभावित हुआ और उन्होंने 40 सेकेंड के समय को बढ़ा दिया और उनसे इस तरह के बेकार सामान से और सजावटी सामान बनाने को कहा। उन्होंने बताया कि इस थोड़े से समय में उन्होंने सामान बनाकर दिखाया उससे निर्णायक मंडल बहुत खुश हुआ और उन्हें ग्रीन लेडी ऑफ एशिया के नाम से पुकारा।वहीं, कल्पना ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण के नारे को भी बुलन्द किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज समाज मे हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभा रही हैं, ऐसे में परिजनों का भी कर्तव्य बनता है कि वो उन्हें प्रोत्साहित करें ताकि वो भी स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभा सके। गौर रहे कि
मनाली की कल्पना ठाकुर ने चीन में आयोजित क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल सौंदर्य प्रतियोगिता में मिसेज एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक फेस-2017 का खिताब अपने नाम किया है।
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली से संबंध रखने वाली कल्पना ठाकुर ने चीन के शंघाई में आयोजित क्लासिक मिसेज एशिया इंटरनेशनल सौंदर्य प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह खिताब झटका है। इस दौरान कल्पना ठाकुर की प्रतिभा की निर्णायक मंडल द्वारा भी खूब सराहना की गई। कल्पना ने इंडिया फ़ॉर सस्टेनेबल पीस फॉर ए सस्टेनेबल फ्यूचरएएए रीयूज द वेस्ट थीम पर अपने हाथों से बेस्ट समान से बनाई सजावटी ज्वैलरी के साथ मंच में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया जिस पर प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल द्वारा कल्पना ठाकुर को ग्रीन लेडी ऑफ एशिया के नाम से भी संबोधित किया गया। कल्पना ठाकुर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विश्वभर में अपने भारत देश व प्रदेश, जिला का नाम रोशन किया है। गौर रहे कि इससे पहले भी कल्पना ठाकुर क्लासिक मिसेज इंडिया गलोबल का खिताब अपने नाम कर चुकी है। ग्रीन लेडी ऑफ एशिया कल्पना ठाकुर का संबंध कुल्लू व लाहुल-स्पीति दोनों ही जिलों से है। लाहुल-स्पीति में कल्पना ठाकुर के पैतृक घर हैं जबकि मनाली में ससुराल है। कल्पना की इस उपलब्धि से जहां हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है वहीं, कुल्लू व जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में भी खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।