कुल्लू के देवसदन में निजी स्कूलों की कार्यशाला 30 को

चार खंडों के स्कूलों को दी जाएगी यूडीआईएसई की जानकारी
कमलेश वर्मा (परी)
कुल्लू,28नवबंर। कुल्लू जिला में चल रहे सभी सरकारी व निजी विद्यालयों का विवरण भारत सरकार के निर्धारित प्रपत्र के अनुसार जिला सूचना प्रबंधन प्रणाली (यूडीआईएसई) पर अपडेट किया जाएगा। जिला के चार शिक्षा खंडों नग्गर, कुल्लू-1, कुल्लू-2 और बंजार के सभी निजी स्कूलों को इस प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करने के लिए उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय और सर्व शिक्षा अभियान की ओर से 30 नवंबर को देव सदन में एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश ने बताया कि इन खंडों के 145 निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। अगर किसी विद्यालय को किन्हीं कारणों से आधिकारिक सूचना नहीं मिली है तो वे भी इस कार्यशाला में भाग ले सकते हैं। सुबह 11 बजे आरंभ होने वाली इस कार्यशाला में यूडीआईएसई के अलावा निजी विद्यालयों से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। उपनिदेशक ने सभी निजी स्कूलों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रपत्र पर अपने-अपने संस्थानों से संबंधित सही जानकारी दें, क्योंकि राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा संबंधी योजनाएं बनाने में यह जानकारी काफी उपयोगी साबित होती है। उपनिदेशक ने बताया कि खंड स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी जहां विभाग के खंड स्रोत समन्वयक यूडीआईएसई की जानकारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *