कुल्लू का युवक दून में गुलदार की खाल समेत दबोचा
अनामिका बहुगुणा/कमलेश वर्मा(परी)
देहरादून/ कुल्लू। कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज की टीम ने विकासनगर से गुलदार की खाल के साथ तीन तस्करों को पकड़ा, जिसमें दो युवक उत्तरकाशी व एक मूल रूप से नेपाल व हाल निवासी कुल्लू मनाली है। प्रभाग की चौहड़पुर रेंज के रेंजर कुलदीप पंवार ने तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अुनसार गुरुवार सुबह कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज के रेंजर कुलदीप पंवार को सूचना मिली कि विकासनगर में चकराता रोड पर चंडीगढ़ से नेपाली मूल का व्यक्ति गुलदार की खाल खरीदने आने वाला है। मुखविर की सूचना पर मिली जानकारी से रेंजर ने पूरे मामले से प्रभागीय वनाधिकारी सुरेंद्र ङ्क्षसह को अवगत कराया। इस पर वन टीम ने रेंजर के नेतृत्व में विकासनगर में चकराता रोड पर दबिश दी और खाल खरीदने आए नेपाली मूल के व्यक्ति समेत तीन लोगों को दबोच लिया। रेंजर ने आरोपियों के पास से गुलदार की दो खाल बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कुमार खत्री पुत्र मंजीत खत्री मूल निवासी ग्राम जोगिया पोस्ट मटका रुकमा नेपाल व हाल निवासी कुल्लू हिमाचल, जयमोहन पुत्र सहदेव निवासी लिवाड़ी फिताड़ी पोस्ट मोरी उत्तरकाशी व रोजू ङ्क्षसह पुत्र नेपाल ङ्क्षसह निवासी जखोल मोरी उत्तरकाशी के रूप में बताई। रेंजर ने जब पूछताछ की तो आरोपी जयमोहन व रोजू ङ्क्षसह ने बताया कि वे गुलदार की खाल को बेचने के लिए विकासनगर लाए थे। जहां पर कुमार खत्री खाल खरीदने आया था। डील होने से पहले ही आरोपी हत्थे चढ़ गए। आरोपियों ने फरार अपने चौथे साथी का नाम पेरु कुमार लांबा निवासी जखोल मोरी उत्तरकाशी बताया। जिस पर रेंजर पंवार ने दर्ज मुकदमे में लांबा को वांछित बनाते हुए तलाश शुरू कर दी। लंबाई नापने पर एक खाल की लंबाई 2.46 मीटर आई है। जिसके चलते गुलदार की उम्र 11 साल के करीब आंकी गई, जबकि दूसरी खाल की लंबाई 1.45 मीटर है। जिससे गुलदार की उम्र चार-पांच साल के करीब आंकी गई है। माना जा रहा है कि वयस्क गुलदार को उत्तरकाशी के आरोपियों ने पुरोला वाइल्ड लाइफ क्षेत्र से मारा होगा। गुलदार की खाल पकडऩे वाली टीम में वन दारोगा महावीर चौहान, वन आरक्षी मीनाक्षी, राजेश कुमार, विशन ठाकुर आदि शामिल रहे। चौहड़पुर रेंजर कुलदीप पंवार के अनुसार खाल 15 दिन पुरानी लग रही थी। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की भी तलाश की जा रही है।